CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions

Students can access the CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi with Solutions and marking scheme Course A Set 3 will help students in understanding the difficulty level of the exam.

CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions

निर्धारित समय : 3 घंटे
अधिकतम अंक : 80

सामान्य निर्देश:
(क) इस प्रश्न-पत्र के दो खंड हैं- ‘अ’ और ‘ब’।
(ख) खंड ‘अ’ में कुल 10 वस्तुपरक प्रश्न पूछे गए हैं। सभी प्रश्नों में उपप्रश्न दिए गए हैं। दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए प्रश्नों के उत्तर दीजिए।
(ग) खंड ‘ब’ में कुल 7 वर्णनात्मक प्रश्न पूछे गए हैं। प्रश्नों में आंतरिक विकल्प दिए गए हैं। दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए प्रश्नों के उत्तर दीजिए।

खंड ‘अ’- वस्तुपरक प्रश्न ( अंक 40)

अपठित गद्यांश (अंक 5)

प्रश्न 1.
निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के लिए सही विकल्प चुनकर लिखिए। (1 x 5 = 5)
लोकतंत्र के मूलभूत तत्व को समझा नहीं गया है और इसलिए लोग समझते हैं कि सब कुछ सरकार कर देगी, हमारी कोई ज़िम्मेदारी नहीं है। लोगों में अपनी पहल से ज़िम्मेदारी उठाने और निभाने का संस्कार विकसित नहीं हो पाया है। फलस्वरूप देश की विशाल मानव-शक्ति अभी खर्राटे लेती पड़ी है और देश की पूँजी उपयोगी बनाने के बदले आज बोझरूप बन बैठी है। लेकिन उसे नींद से झकझोर कर जागृत करना है। किसी भी देश को महान बनाते हैं, उसमें रहने वाले लोग।

लेकिन अभी हमारे देश के नागरिक अपनी ज़िम्मेदारी से बचते रहे हैं। चाहे सड़क पर चलने की बात हो अथवा साफ़-सफ़ाई की बातें हों, जहाँ-तहाँ हम लोगों को गंदगी फैलाते और बेतरतीब ढंग से वाहन चलाते देख सकते हैं। फिर चाहते हैं कि सब कुछ सरकार ठीक कर दे। सरकार ने बहुत सारे कार्य किए हैं, इसे अस्वीकार नहीं किया जा सकता है। वैज्ञानिक प्रयोगशालाएँ खोली हैं, विशाल बाँध बनवाए हैं, फौलाद के कारखाने खोले हैं आदि-आदि बहुत सारे काम सरकार के द्वारा हुए हैं। पर अभी करोड़ों लोगों को कार्य में प्रेरित नहीं किया जा सका है। वास्तव में होना तो यह चाहिए कि लोग अपनी सूझ-बूझ के साथ अपनी आंतरिक शक्ति के बल पर खड़े हों

और अपने पास जो कुछ साधन-सामग्री हो, उसे लेकर कुछ करना शुरू कर दें। और फिर सरकार उसमें आवश्यक मदद करे। उदाहरण के लिए, गाँव वाले बड़ी-बड़ी पंचवर्षीय योजनाएँ नहीं समझ सकेंगे, पर वे लोग यह बात ज़रूर समझ सकेंगे कि अपने गाँव में कहाँ कुआँ चाहिए, कहाँ सिंचाई की ज़रूरत है, कहाँ पुल की आवश्यकता है। बाहर के लोग इन सब बातों से अनभिज्ञ होते हैं।

(i) लोकतंत्र का मूलभूत तत्व है
(क) कर्तव्य-पालन
(ख) लोगों का राज्य
(ग) चुनाव
(घ) जनमत
उत्तर
(क) कर्तव्य-पालन

(ii) किसी देश की महानता निर्भर करती है
(क) वहाँ की सरकार पर
(ख) वहाँ के निवासियों पर
(ग) वहाँ के इतिहास पर
(घ) वहाँ की पूँजी पर
उत्तर
(ख) वहाँ के निवासियों पर

(iii) सरकार के कामों के बारे में कौन-सा कथन सही नहीं है?
(क) वैज्ञानिक प्रयोगशालाएँ बनवाई हैं।
(ख) विशाल बाँध बनवाए हैं।
(ग) वाहन चालकों को सुधारा है।
(ग) फौलाद के कारखानो खोले हैं।
उत्तर
(ग) फौलाद के कारखानो खोले हैं।

(iv) सरकारी व्यवस्था में किस कमी की ओर लेखक ने संकेत किया है?
(क) गाँव से जुड़ी समस्याओं के निदान में ग्रामीणों की भूमिका को नकारना
(ख) योजनाएँ ठीक से न बनाना
(ग) आधुनिक जानकारी का अभाव
(घ) ज़मीन से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान न देना
उत्तर
(क) गाँव से जुड़ी समस्याओं के निदान में ग्रामीणों की भूमिका को नकारना

(v) ‘झकझोरकर जागृत करना’ का भाव गद्यांश के अनुसार होगा
(क) नींद से जगाना
(ख) सोने न देना
(ग) ज़िम्मेदारी निभाना
(घ) ज़िम्मेदारियों के प्रति सचेत करना
उत्तर
(घ) ज़िम्मेदारियों के प्रति सचेत करना

अथवा

हरियाणा के पुरात्तव विभाग द्वारा किए गए अब तक के शोध और खुदाई के अनुसार लगभग 5500 हेक्टेयर में फैली यह राजधानी ईसा से लगभग 3300 वर्ष पूर्व मौजूद थी। इन प्रमाणों के आधार पर यह तो तय हो ही गया है कि राखीगढ़ी की स्थापना उससे भी सैकड़ों वर्ष पूर्व हो चुकी थी। अब तक यही माना जाता रहा है कि इस समय पाकिस्तान में स्थित हड़प्पा और मोहनजोदड़ो ही सिंधुकालीन सभ्यता के मुख्य नगर थे। राखीगढ़ी गाँव में खुदाई और शोध का काम रुक-रुककर चल रहा है।

हिसार का यह गाँव दिल्ली से मात्र एक सौ पचास किलोमीटर की दूरी पर है। पहली बार यहाँ 1963 में खुदाई हुई थी और तब इसे सिंधु-सरस्वती सभ्यता का सबसे बड़ा नगर माना गया। उस समय के शोधार्थियों ने सप्रमाण घोषणाएं की थीं कि यहाँ दबा नगर, कभी मोहनजोदड़ो और हड़प्पा से भी बड़ा रहा होगा। अब सभी शोध विशेषज्ञ इस बात पर सहमत हैं कि राखीगढ़ी, भारत-पाकिस्तान और अफगानिस्तान का आकार

और आबादी की दृष्टि से सबसे बड़ा शहर था। प्राप्त विवरणों के अनुसार समुचित रूप से नियोजित इस शहर की सभी सड़कें 1.92 मीटर चौड़ी थीं। यहाँ चौड़ाई कालीबंगन की सड़कों से भी ज्यादा है। एक ऐसा बर्तन भी मिला है, जो सोने और चाँदी की परतों से ढका है। इसी स्थल पर एक ‘फाउंड्री’ के भी चिह्न मिले हैं, जहाँ संभवतः सोना ढाला जाता होगा। इसके अलावा टेराकोटा से बनी असंख्य प्रतिमाएँ, ताँबे के बर्तन और कुछ प्रतिमाएँ और एक भट्ठी के अवशेष भी मिले हैं।

मई 2012 में ‘ग्लोबल हैरिटेज फंड’ ने इसे एशिया के दस ऐसे विरासत-स्थलों की सूची में शामिल किया है, जिनके नष्ट हो जाने का खतरा है। राखीगढ़ी का पुरातात्विक महत्व विशिष्ट है। इस समय यह क्षेत्र पूरे विश्व के पुरातत्व विशेषज्ञों की दिलचस्पी और जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है। यहाँ बहुत से काम बकाया हैं; जो अवशेष मिले हैं, उनका समुचित अध्ययन अभी शेष है। उत्खनन का काम अब भी अधूरा है।

(i) अब सिंधु-सरस्वती सभ्यता का सबसे बड़ा नगर किसे मानने की संभावनाएँ हैं?
(क) मोहनजोदड़ो
(ख) राखीगढ़ी
(ग) हड़प्पा
(घ) कालीबंगा
उत्तर
(क) मोहनजोदड़ो

(ii) चौड़ी सड़कों से स्पष्ट होता है कि
(क) यातायात के साधन थे ।
(ख) अधिक आबादी थी
(ग) शहर नियोजित था
(घ) बड़ा शहर था
उत्तर
(ग) शहर नियोजित था

(iii) इसे एशिया के ‘विरासत स्थलों’ में स्थान मिला, क्योंकि
(क) नष्ट हो जाने का खतरा है।
(ख) सबसे विकसित सभ्यता है।
(ग) इतिहास में इसका नाम सर्वोपरि है।
(घ) यहाँ विकास की तीन परतें मिली हैं।
उत्तर
(क) नष्ट हो जाने का खतरा है।

(iv) पुरातत्व विशेषज्ञ राखीगढ़ी में विशेष रुचि ले रहे हैं, क्योंकि
(क) काफी प्राचीन और बड़ी सभ्यता हो सकती है।
(ख) इसका समुचित अध्ययन शेष है।
(ग) उत्खनन का कार्य अभी अधूरा है।
(घ) इसके बारे में अभी-अभी पता लगा है।
उत्तर
(ग) उत्खनन का कार्य अभी अधूरा है।

(v) उपयुक्त शीर्षक होगा
(क) राखीगढ़ी : एक सभ्यता की संभावना
(ख) सिंधु घाटी सभ्यता
(ग) विलुप्त सरस्वती की तलाश
(घ) एक विस्तृत शहर राखीगढ़ी
उत्तर
(क) राखीगढ़ी : एक सभ्यता की संभावना

अपठित पद्यांश (अंक 5)

प्रश्न 2.
निम्नलिखित पद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के लिए सही विकल्प चुनकर लिखिए। (1 x 5 = 5)
अंधकार की गुहा सरीखी उन आँखों से डरता है मन भरा दूर तक उनमें दारुण दैन्य दुख का नीरव रोदन। वह स्वाधीन किसान रहा, अभिमान भरा आँखों में इसका छोड़ उसे मँझधार आज संसार कगार सदृश वह खिसका। लहराते वे खेत दृगों में हुआ बेदखल वह अब जिनसे हँसती थी उसके जीवन की हरियाली जिनके तृन-तृन से आँखों ही में घूमा करता वह उसकी आँखों का तारा कारकुनों की लाठी से जो गया जवानी ही में मारा। बिना दवा-दर्पन के घरनी स्वर्ग चली-आँखें आतीं भर देख-रेख के बिना दुधमुँही बिटिया दो दिन बाद गई मर।

(i) कवि का मन जिन आँखों से डरता है, वे कैसी हैं?
(क) डरावनी
(ख) अंधकार-सी काली
(ग) अंधकार की गुहा-सी
(घ) अंधकार-सी दारुण
उत्तर
(ग) अंधकार की गुहा-सी

(ii) जिन आँखों का वर्णन कवि ने किया है, वे किसकी आँखें हैं?
(क) किसान की
(ख) अंधकार की
(ग) नीरव रोदन की
(घ) स्वाधीन भारत की
उत्तर
(क) किसान की

(iii) किसान की आँखों में अब भी क्या लहराता है?
(क) दैन्य-दुख का दारुण रोदन
(ख) अपने खेत जिनसे वह बेदखल किया गया
(ग) स्वाधीनता का अभिमान
(घ) वह संसार जो कगार सदृश खिसक गया
उत्तर
(क) दैन्य-दुख का दारुण रोदन

(iv) इस पद्यांश के लिए उपयुक्त शीर्षक लिखिए।
(क) किसान की पीड़ा
(ख) दारुण दुख
(ग) वे आँखें
(घ) जीवन का अंधकार
उत्तर
(क) किसान की पीड़ा

(v) किसान का बेटा कहाँ गया?
(क) तारा बन गया
(ख) देख-रेख के बिना मर गया
(ग) बिना दवा-दर्पन के स्वर्ग सिधारा
(घ) कारकुन की लाठियों से मारा गया
उत्तर
(क) तारा बन गया

CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions 1

(i) कवि को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है
(क) मंजिल से
(ख) मार्ग-बाधाओं से
(ग) हवाओ से
(घ) तूफ़ानों से
उत्तर
(घ) तूफ़ानों से

(ii) यदि मार्ग में बाधाएँ नहीं आतीं तो
(क) गति संभव नही होती
(ख) निर्माण संभव नहीं होता
(ग) प्रगति संभव नहीं होती
(घ) मार्ग आसान नहीं होता
उत्तर
(क) गति संभव नही होती

(iii) निर्माण की संभावना वहीं होती है जहाँ
(क) तूफ़ान न आए
(ख) अवरोध न आए
(ग) बस्ती न हो
(घ) विनाश हो
उत्तर
(घ) विनाश हो

(iv) कवि धरती पर क्या बसाना चाहता है?
(क) अपना घर
(ख) स्वर्ग
(ग) मंज़िलें
(घ) रास्ते
उत्तर
(ख) स्वर्ग

(v) कवि दुनिया से क्या प्रार्थना कर रहा है?
(क) दुनिया उसके रास्तों पर फूल बिछा दे
(ख) दुनिया उसकी बस्ती को वीरान बना दे
(ग) दुनिया उसकी राह में तूफान उठा दे ।
(घ) दुनिया उसके मार्ग को आसान न बनाए
उत्तर
(ग) दुनिया उसकी राह में तूफान उठा दे ।

व्यावहारिक व्याकरण (अंक 16)

प्रश्न 3.
निम्नलिखित प्रश्नों को पढ़कर किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 4 = 4)
(i) ‘आगे बढ़िए और पुरस्कार प्राप्त कीजिए।’ किस प्रकार का वाक्य है?
(क) सरल वाक्य
(ख) संयुक्त वाक्य
(ग) मिश्र वाक्य
(घ) संकेतवाचक वाक्य
उत्तर
(ख) संयुक्त वाक्य

(ii) मिश्रित वाक्य है
(क) मैंने उससे सेने का कारण पूछा।
(ख) आज रविवार का अवकाश है।
(ग) जब पिता जी ने पैसे दिए तब हम बाज़ार गए।
(घ) मैं बाहर आया और बच्चे मिलने लगे।
उत्तर
(ग) जब पिता जी ने पैसे दिए तब हम बाज़ार गए।

(iii) जहाँ मैं रहती हूँ, वहीं मेट्रो स्टेशन है। रेखांकित उपवाक्य है
(क) संज्ञा उपवाक्य
(ख) सर्वनाम उपवाक्य
(ग) विशेषण उपवाक्य
(घ) क्रियाविशेषण उपवाक्य
उत्तर
(घ) क्रियाविशेषण उपवाक्य

(iv) ‘लाल रंग वाली शर्ट पहने उस लड़के को बुलाओ।’ इसका मिश्र वाक्य है
(क) लाल रंग वाली शर्ट को डाले उस लड़के को बुलाओ।
(ख) जिसने लाल रंग की शर्ट पहनी है, उस लड़के को बुलाओ।
(ग) उस लड़के को बुलाओ जो शर्ट पहले हुए है लाल रंग की।
(घ) कोई नही।
उत्तर
(ख) जिसने लाल रंग की शर्ट पहनी है, उस लड़के को बुलाओ।

(v) ‘जो धन मिला था, वह चोरी हो गया।’ वाक्य में प्रधान उपवाक्य है
(क) जो धन मिला था
(ख) वह चोरी हो गया।
(ग) चोरी हो गया
(घ) धन मिला था।
उत्तर
(ख) वह चोरी हो गया।

प्रश्न 4.
निम्नलिखित प्रश्नों को पढ़कर किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 4 = 4)

(i) ‘कृष्ण द्वारा बंसी बजाई जा रही है।’ वाच्य है
(क) कर्तृवाच्य
(ख) कर्मवाच्य
(ग) भाववाच्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर
(ख) कर्मवाच्य

(ii) भाववाच्य है
(क) माली ने फूल तोड़ा
(ख) आइए; खेला जाए।
(ग) अनुराधा के द्वारा पौधे लगाए गए।
(घ) राम ने लीची खाई।
उत्तर
(ख) आइए; खेला जाए।

(iii) कर्मवाच्य है
(क) मेरे भाई ने पतंग उड़ाई।
(ख) मेरे भाई द्वारा पतंग उड़ाई गई।
(ग) उससे सोया नहीं जाता।
(घ) मैं प्रतिदिन व्यायाम करता हूँ।
उत्तर
(ख) मेरे भाई द्वारा पतंग उड़ाई गई।

(iv) ‘मोहन से हँसा नहीं जाता।’ वाक्य है(
क) कर्तृवाक्य
(ख) भाववाक्य
(ग) दोनों
(घ) कर्मवाक्य
उत्तर
(ख) भाववाक्य

(v) ‘राधा के द्वारा गाना गाया गया।’ वाक्य है
(क) कर्तृवाक्य
(ख) भाववाक्य
(ग) कर्मवाक्य
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर
(ग) कर्मवाक्य

प्रश्न 5.
निम्नलिखित प्रश्नों को पढ़कर किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 4 = 4)
(i) दौड़कर आइए और बगीचे से कुछ फल ले जाइए। रेखांकित का पद-परिचय है
(क) पूर्वकालिक क्रिया, रीतिवाचक क्रियाविशेषण
(ख) कालवाचक क्रियाविशेषण, सकर्मक किया।
(ग) अकर्मक क्रिया, रीतिवाचक क्रियाविशेषण, कर्म कारक
(घ) संयुक्त क्रिया, अकर्मक क्रिया, एकवचन
उत्तर
(क) पूर्वकालिक क्रिया, रीतिवाचक क्रियाविशेषण

(ii) चोर उधर भागा है। इस वाक्य में रेखांकित का पद-परिचय है
(क) रीतिवाचक क्रियाविशेषाण, भागना क्रिया का विशेषण
(ख) कालवाचक क्रियाविशेषाण, भागना क्रिया का विशेषण
(ग) परिमाणवाचक क्रियाविशेषण, भागना क्रिया का विशेषण
(घ) स्थानवाचक क्रियाविशेषण, भागना क्रिया का विशेषण
उत्तर
(घ) स्थानवाचक क्रियाविशेषण, भागना क्रिया का विशेषण

(iii) वाह! तुमने तो रंग ही जमा दिया। रेखांकित का पद-परिचय है
(क) संबंधबोधक अव्यय, हर्ष के भाव की अभिव्यक्ति
(ख) समुच्चबोधक अव्यय, हर्ष के भाव की अभिव्यक्ति
(ग) विस्मयादिबोधक अव्यय, हर्ष के भाव की अभिव्यक्ति
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर
(ग) विस्मयादिबोधक अव्यय, हर्ष के भाव की अभिव्यक्ति

(iv) मैं लाल रंग की कमीज पहनता हूँ। रेखांकित का पद-परिचय है
(क) उत्तम पुरुषवाचक सर्वनाम, एकवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक
(ख) निजवाचक सर्वनाम, एकवचन, स्त्रीलिंग, कर्म कारक
(ग) निश्चयवाचक सर्वनाम, बहुवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक
(घ) इनमें से कोई नहीं
उत्तर
(क) उत्तम पुरुषवाचक सर्वनाम, एकवचन, पुल्लिंग, कर्ता कारक

(v) छात्र पत्र लिख रहा है। रेखांकित का पद-परिचय है
(क) जातिवाचक संज्ञा, पुल्लिंग, एकवचन, कर्ता कारक
(ख) जातिवाचक संज्ञा, पुल्लिंग, एकवचन, कर्म कारक
(ग) सकर्मक क्रिया, व्यक्तिवाचक संज्ञा, पुल्लिग
(घ) व्यक्तिवाचक संज्ञा, बहुवचन, कर्ता कारक
उत्तर
(क) जातिवाचक संज्ञा, पुल्लिंग, एकवचन, कर्ता कारक

प्रश्न 6.
निम्नलिखित प्रश्नों को पढ़कर किन्हीं चार प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 4 = 4)
(i) संचारी भाव क्या है?
(क) पात्रों या वस्तुओं के कारण उत्पन्न भाव
(ख) स्थायी भाव जाग्रत करने वाला भाव
(ग) मन में निरंतर संचारित होने वाले भाव
(घ) आलंबन द्वारा जाग्रत भाव
उत्तर
(ग) मन में निरंतर संचारित होने वाले भाव

(ii) शांत रस का स्थायी भाव है
(क) रौद्र
(ख) हास
(ग) निर्वेद
(घ) जुगुप्सा
उत्तर
(ग) निर्वेद

(iii) किस रस को रस राज कहा जाता है?
(क) शांत रस
(ख) करुण रस
(ग) शृंगार रस
(घ) हास्य रस
उत्तर
(ग) शृंगार रस

(iv) संकट में वीर घबराते नहीं, आपदाएँ देख छिप जाते नहीं। लग गए जिस काम में पूरा किया, काम करके व्यर्थ पछताते नहीं। पक्तियों में निहित रस है
(क) हास्य रस
(ख) वीर रस
(ग) शृंगार रस
(घ) अद्भुत रस
उत्तर
(ख) वीर रस

(v) निम्नलिखित पंक्तियों में रस है
नाक पकौड़ा-सी लगे, रंग बिरंगे गाल।
सूरत है लंगूर-सी, बंदर जैसी चाल।
(क) हास्य रस
(ख) वीर रस
(ग) शृंगार रस
(घ) करुण रस
उत्तर
(क) हास्य रस

पाठ्यपुस्तक (अंक 14)

प्रश्न 7.
निम्नलिखित गद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 5 = 5)
उनकी चिंता हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में देखने की थी। हर मंच में इसकी तकलीफ़ बयान करते, इसके लिए अकाट्य तर्क देते। बस इसी एक सवाल पर उन्हें झुंझलाते देखा है और हिंदी वालों द्वारा हिंदी की उपेक्षा पर दुख करते उन्हें पाया है। घर-परिवार के बारे में, निजी दुख तकलीफ़ के बारे में पूछना उनका स्वभाव था और बड़े से बड़े दुख में उनके मुख से सांत्वना के जादू भरे दो शब्द सुनना एक ऐसी रोशनी से भर देता था जो किसी गहरी तपस्या गार रस से जनमती है। ‘हर मौत दिखाती है जीवन को नई राह।’ मुझे अपनी पत्नी और पुत्र की मृत्यु याद आ रही है और फ़ादर के शब्दों में झरती विरल शांति भी।

(i) फ़ादर को किस भाषा से प्रेम था?
(क) हिंदी भाषा से
(ख) अपनी मातृभाषा से
(ग) अंग्रजी भाषा से
(ग) फ्रेंच भाषा से
उत्तर
(क) हिंदी भाषा से

(ii) फ़ादर की झुंझलाहट किस कारण थी?
(क) लोगों के सवालों के कारण
(ख) घर-परिवार की दुख-तकलीफ़ों के कारण
(ग) हिंदीभाषियों द्वारा खुद ही हिंदी की उपेक्षित स्थिति के कारण
(घ) हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा का दर्जा न दिलवा पाने के कारण
उत्तर
(ग) हिंदीभाषियों द्वारा खुद ही हिंदी की उपेक्षित स्थिति के कारण

(iii) ‘हर मौत दिखाती है जीवन को नई राह’ का आशय है
(क) मौत के बाद ही मुक्ति है ।
(ख) मौत पुनर्जन्म के लिए राह बनाती है
(ग) मौत शाश्वत है, सत्य है, अतः मौत पर दुखी न हों
(घ) (क) एवं (ख) दोनों विकल्प सही
उत्तर
(ग) मौत शाश्वत है, सत्य है, अतः मौत पर दुखी न हों

(iv) सांत्वना भरे एक शब्द सुनने वाले पर क्या प्रभाव डालते थे?
(क) जादू-सा चमत्कारी प्रभाव
(ख) आशा से भर देते थे
(ग) असीम शांति का अनुभव कराते थे
(घ) सभी विकल्प सही
उत्तर
(घ) सभी विकल्प सही

(v) उपेक्षा का विलोम है
(क) सापेक्ष
(ख) अपेक्षा
(ग) परोक्ष
(घ) प्रत्यक्ष
उत्तर
(ख) अपेक्षा

प्रश्न 8.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 2 = 2)
(i) भगत जी का बेटा कैसा था?
(क) समझदार
(ख) सुस्त और बोदा
(ग) बुद्धिमान
(घ) चालाक
उत्तर
(क) समझदार

(ii) लेखक के अलावा कोच में कितने व्यक्ति थे?
(क) एक
(ख) तीन
(ग) दो
(घ) चार
उत्तर
(क) एक

प्रश्न 9.
निम्नलिखित पद्यांश को पढ़कर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 5 = 5 )
CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions 2

(i) किसके साँस लेने से हर घर खुशबू से भर उठता है?
(क) शरद के
(ख) वसंत के
(ग) ग्रीष्म के
(घ) वर्षा के
उत्तर
(ख) वसंत के

(ii) वसंत आसमान में उड़ने के लिए क्या करता है?
(क) लंबी साँसें लेता है।
(ख) अपने पंख फड़फड़ाता है
(ग) आँखें झपकाता है
(घ) सभी गलत
उत्तर
(ख) अपने पंख फड़फड़ाता है

(iii) फागुन में ऐसा क्या होता है जो बाकी ऋतुओं से भिन्न होता है?
(क) पेड़ों में नए पत्ते निकलते हैं
(ख) नाना प्रकार के फूल खिलते हैं।
(ग) हवा में फूलों की मादक सुगंध भरी हुई होती है
(घ) सभी विकल्प सही
उत्तर
(घ) सभी विकल्प सही

(iv) कवि की आँख फागुन की सुंदरता से क्यों हट नहीं रही है?
(क) फागुन अच्छा लगता है
(ख) फागुन की सुंदरता गजब की है
(ग) फागुन हिंदी का माह है
(घ) सभी गलत
उत्तर
(ख) फागुन की सुंदरता गजब की है

(v) कविता के कवि हैं
(क) सूरदास
(ख) ऋतुराज
(ग) सूर्यकांत त्रिपाठी निराला ङ्के
(घ) तुलसीदास
उत्तर
(ग) सूर्यकांत त्रिपाठी निराला ङ्के

प्रश्न 10.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर विकल्पों में से चुनकर लिखिए। (1 x 2 = 2)
(i) गोपियों ने योग संदेश किसके लिए उपयोगी बताया है?
(क) जिनका मन चकरी के समान है
(ख) जिनका मन शांत है
(ग) जो कृष्ण के प्रेम में डूबा है।
(घ) कोई नहीं
उत्तर
(क) जिनका मन चकरी के समान है

(ii) परशुराम पृथ्वी जीतकर किसे दान कर चुके हैं?
(क) माता-पिता को
(ख) गुरु को
(ग) राजाओं को
(घ) ब्राह्मणों को
उत्तर
(घ) ब्राह्मणों को

खंड ‘ब’- वर्णनात्मक प्रश्न (अंक 40)

पाठ्यपुस्तक एवं पूरक पाठ्यपुस्तक (अंक 20)

प्रश्न 11.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए। (2 x 4 = 8)

(क) बालगोबिन भगत के गीतों का खेतों में काम करते हुए और आते-जाते नर-नारियों पर क्या प्रभाव पड़ता था?
(ख) ‘लखनवी अंदाज़’ रचना के नवाब साहब की सनक को आप कहाँ तक उचित ठहराते हैं? क्यों?
(ग) फादर बुल्के ने भारत में रहते हुए हिंदी के उत्थान के लिए क्या कार्य किए?
(घ) फ़ादर की उपस्थिति देवदार की छाया जैसी क्यों लगती थी?
उत्तर
(क) बालगोबिन भगत का संगीत हर आयु वर्ग के लोगों पर समान रूप से असर करता था। उनके मधुर गान को सुनकर बच्चे झूम उठते थे, मेंड़ पर खड़ी औरतों के होंठ गुनगुना उठते थे, हलवाहों के पैर ताल से उठने से लगते थे और रोपनी करने वालों की अँगुलियाँ क्रम से चलने लगती थीं।

(ख) ‘लखनवी अंदाज़’ रचना में नवाब साहब की सनक को किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं ठहराया जा सकता है, क्योंकि झूठी आन-बान का बनावटी जीवन जीना उचित नहीं है। ऐसा करके बनावटी रईसी तो दिखाई जा सकती है, पर इससे कुछ हासिल होने वाला नहीं है, बल्कि इससे खुद को तकलीफ़ हो होगी।

(ग) फादर बुल्के ने 47 वर्ष भारत में रहकर निम्नलिखित कार्य किए

  • प्रयाग विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में रहकर 1950 ई० में शोध-प्रबंध-रामकथा : उत्पति और विकास पूर्ण किया।
  • ‘ब्लू बर्ड’ का ‘नीलपंछी’ नाम से हिंदी रूपांतर किया।
  • अंग्रेज़ी-हिंदी शब्दकोश तैयार किया।
  • बाइबिल का हिंदी में अनुवाद किया।
  • सेंट जेवियर्स कॉलेज राँची में हिंदी तथा संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष रहे।

(घ) देवदार का वृक्ष आकार में लंबा-चौड़ा होता है तथा छायादार भी। फ़ादर बुल्के का व्यक्तित्व भी कुछ ऐसा ही था। जिस प्रकार देवदार का वृक्ष वृहदाकार होने के कारण लोगों को छाया देकर शीतलता प्रदान करता है, ठीक उसी प्रकार फादर बुल्के भी अपने शरण में आए लोगों को आश्रय देते थे तथा दुख के समय में सांत्वना के वचनों द्वारा उनको शीतलता प्रदान करते थे।

प्रश्न 12.
निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लगभग 25-30 शब्दों में लिखिए। (2 x 3 = 6)
(क) ‘अट नहीं रही है’ कविता में ‘उड़ने को नभ में तुम पर-पर कर देते हो’ के आलोक में बताइए कि फागुन लोगों के मन को किस तरह प्रभावित करता है?
(ख) परशुराम के प्रति लक्ष्मण के व्यवहार पर अपने विचार लिखिए।
(ग) माँ ने बेटी को सचेत करना क्यों ज़रूरी समझा?
उत्तर
(क) फागुन में प्रकृति में हर तरफ़ हरियाली तथा फूलों का सौंदर्य दिखाई पड़ता है। इसका प्रभाव मानव मन पर पड़े बिना नहीं रहता। इस समय मनुष्य प्रसन्न रहता है तथा उसका मन आकाश में उड़ने को करता है। वह इसकी कल्पनाओं में खो जाता है। उसे ऐसा लगता है मानो वह आकाश में उड़ रहा हो।

(ख) परशुराम को ब्राह्मण जानकर लक्ष्मण ने उनके प्रति अपने व्यवहार को काफी हद तक नियंत्रित रखा। उन्होंने उनके क्रोध को शांत करने के लिए उनको वीरव्रती, धैर्यवान तथा अक्षोभा कहा। लेकिन उनके द्वारा अपनी खुद की वीरता का गुणगान करने पर उनको रणक्षेत्र में युद्ध कर अपनी योग्यता प्रदर्शित करने को भी कहा। इस प्रकार लक्ष्मण का परशुराम के प्रति व्यवहार मिला-जुला रहा।

(ग) बेटी अभी सयानी नहीं थी, उसकी उम्र भी कम थी और वह समाज में व्याप्त बुराइयों से अनजान थी। माँ यह नहीं चाहती थी कि उसके साथ जो अन्याय हुए, वे सब उसकी बेटी को भी सहने पड़ें। इसलिए माँ ने बेटी को सचेत करना ज़रूरी समझा।

प्रश्न 13.
निम्नलिखित प्रश्नों में से किन्हीं दो प्रश्नों के उत्तर लगभग 40-50 शब्दों में लिखिए।

(क) ‘बच्चे रोना-धोना, पीड़ा, आपसी झगड़े ज़्यादा देर तक अपने साथ नहीं रख सकते हैं।’ ‘माता का अँचल’ पाठ के आधार पर इस कथन को उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।
(ख) जॉर्ज पंचम की लाट की टूटी नाक लगाने के क्रम में पुरातत्व विभाग की फाइलों की छानबीन की ज़रूरत क्यों आ गई?
(ग) यात्राएँ विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होने का अच्छा माध्यम है। ‘साना-साना हाथ जोड़ि’ यात्रा वृत्तांत के आधार पर इस कथन की समीक्षा कीजिए।
उत्तर
(क) बच्चे रोना-धोना, पीड़ा, आपसी झगड़े ज़्यादा देर तक नहीं रख पाते हैं। उनके बीच इनकी अनुभूति जितनी जल्दी होती है, उतनी ही जल्दी समाप्त भी हो जाती है। इसका कारण उनके मन का सच्चा तथा भोला होना है। इसी कारण वे बड़ों से भिन्न होते हैं। इस कथन को पुष्टि के प्रमाण ‘माता का अँचल’ पाठ में अनेक जगहों पर है; जैसे- खेल के साथियों को देखकर बालक भोलानाथ का सिसकना भूलकर बाबू जी को गोद में उतर जाना तथा खेलों में लग जाना।

(ख) जॉर्ज पंचम की लाट की टूटी नाक लगाने के क्रम में एक मूर्तिकार को बुलाया गया, जिसे लाट की नाक लगाने के लिए यह जानकारी चाहिए थी कि वह लाट कब और कहाँ बनी थी तथा उसका पत्थर कहाँ से लाया गया था? इस प्रश्न का उत्तर किसी अधिकारी के पास नहीं था. इसलिए इस प्रश्न का उत्तर पता करने की जिम्मेदारी एक क्लर्क को दी गई, जिसने पुरातत्व विभाग की फाइलों की छानबीन की, मगर कुछ भी पता नहीं चला। क्योंकि फाइलें सब कुछ हजम कर गई थीं।

(ग) यात्राएँ विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होने का अच्छा माध्यम हैं। इस बात की पुष्टि ‘साना-साना हाथ जोड़ि’ यात्रा वृत्तांत से होती है। इसमें लेखिका अपनी हिमालीय प्रदेशों की यात्रा के दौरान सिक्कम के विभिन्न दर्शनीय स्थानों पर गई हैं, जहाँ उन्हें विभिन्न संस्कृतियों, भाषा, रहन-सहन तथा अन्य चीज़ों को नज़दीक से देखने का मौका मिलता है। इनको जानने-समझने का उन्हें तभी मौका मिला जब वे यात्रा करके गईं, अन्यथा उन्हें इसका मौका नहीं मिलता। यह बात इसकी पुष्टि करता है कि संस्कृतियों को जानने में यात्राओं का बहुत बड़ा योगदान है।

लेखन (अंक 20)

प्रश्न 14.
निम्नलिखित में से किसी एक विषय पर दिए गए संकेत-बिंदुओं के आधार पर लगभग 80-100 शब्दों में अनुच्छेद लिखिए। (1 x 5 = 5)
(क) व्यायाम का महत्व
संकेत-बिंदु-

  • आवश्यकता
  • लाभ
  • चयन।

(ख) मीठी वाणी
संकेत-बिंदु-

  • मधुर वाणी : एक वरदान
  • प्रभाव और प्रयोग
  • जीवन में महत्व।

(ग) ग्लोबल वार्मिंग
संकेत-बिंदु-

  • क्या है?
  • प्रभाव
  • इससे कैसे बचें
  • निष्कर्ष।

उत्तर
(क) कहावत है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। स्वस्थ मन में अच्छे विचार आते हैं। अच्छी आदतें अपनाकर हम स्वस्थ रह सकते हैं। जैसे सुबह टहलने से शरीर में चुस्ती-फुर्ती आती है। इसलिए सुबह में टहलना चाहिए तथा थोड़ा व्यायाम भी करना चाहिए। खाना खाने के बाद व्यायाम नहीं करना चाहिए। छोटे बच्चों को थोड़ा टहलना चाहिए। कबड्डी तथा इस तरह के विभिन्न खेल खेलने चाहिए।

स्वस्थ रहने के लिए नियम के अनुसार चलना चाहिए। समय पर खाना-पीना चाहिए। समय पर सभी काम करके व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। व्यायाम करने से धमनियाँ सही काम करती हैं और शरीर के सभी अंग ठीक रहने हैं तथा सही काम करते हैं। सुबह पार्क में टहलने से आँख की ज्योति बढ़ती है।

इस प्रकार हमें स्वस्थ और खुश रहना चाहिए। व्यायाम के अनेक प्रकार हैं। अपने शरीर की आवश्यकता के अनुसार हमें ऐसा व्यायाम चुनना चाहिए जो हमारी शारीरिक आवश्यकता पूर्ण करने के अलावा हमारी पहुँच में हो और साथ ही यदि वह हमारे लिए रुचिकर भी हो, तो सोने पे सुहागा होगा।

(ख) मनुष्य के जीवन में उसके द्वारा बोली गई वाणी ही उसे प्रिय या अप्रिय बनाती है। मधुर वाणी बोलने वाला व्यक्ति सभी को प्रिय लगता है और वहीं दूसरी तरफ किसी मनुष्य में अपार गुण होते हुए भी यदि उसकी वाणी में मधुरता नहीं है तो वह किसी को भी पसंद नहीं आता।

इसे हम कौआ और कोयल के उदाहरण द्वारा अच्छी तरह से समझ सकते हैं। क्योंकि दोनों का स्वरूप देखने में तो एक समान ही है, परंतु वाणी से दोनों के गुणों की पहचान हो जाती है। कोयल सबको प्रिय लगती है क्योंकि उसकी वाणी में मधुरता होती है और कौआ सबको अप्रिय लगता है क्योंकि उसकी वाणी में कर्कशता होती है।

कौए की कर्कश आवाज़ और कोयल की मधुर वाणी को सुनकर हम दोनों के गुण जान जाते हैं। मानव अपनी मधुर वाणी से शत्रु को भी अपना मित्र बना लेता है, मधुर वचनों को बोलने से बोलने वाले तथा सुनने वाले दोनों को ही शांति एवं आनंद की अनुभूति होती है। भाई-चारे का वातावरण बना रहता है तथा मानव समाज में प्रतिष्ठा एवं सम्मान प्राप्त कर पाता है। हमारे भारतवर्ष में विद्वानों और कवियों ने भी मधुर वचन की औषधि की संज्ञा दी है। इसलिए प्रत्येक मनुष्य को अहंकार और क्रोध का त्याग करके मीठी वाणी बोलकर सबका मन हरना चाहिए।

(ग) ग्लोबल वार्मिंग शब्द पृथ्वी के तापमान में होने वाली वृद्धि को दर्शाता है। यह एक ऐसी समस्या है, जिस पर काबू नहीं किया गया तो यह पूरी पृथ्वी को ही नष्ट कर देगी। ग्लोबल वार्मिंग पूरे विश्व में एक मुख्य वायुमंडलीय मुद्दा बन गया है। सूरज की रोशनी को लगातार ग्रहण करते हुए हमारी पृथ्वी दिनों-दिन गर्म होती जा रही है, जिससे वातावरण में कॉर्बन डाइऑक्साइड का स्तर बढ़ रहा है।

इसके लगातार बढ़ते दुष्प्रभावों से इनसानों को बड़ी समस्याएं हो रही हैं। सीएफसी-11 और सीएफसी-12 जैसी ग्रीन हाउस गैसों ने सूरज के थर्मल विकिरण को अवशोषित करके पृथ्वी के वातावरण को गर्म बना दिया। ये गैसें सूर्य की किरणों को वायुमंडल में प्रवेश तो करने देती हैं, लेकिन उससे होने वाली विकिरण को वायुमंडल से बाहर नहीं जाने देती हैं।

इसी को ग्रीनहाउस प्रभाव कहा जाता है, जो पूरे विश्व में तापमान में वृद्धि के लिए जिम्मेदार है। तापमान में वृद्धि से वर्षा-चक्र, पारिस्थितिक संतुलन, मौसम का चक्र आदि प्रभावित होते हैं। यह वनस्पति और कृषि को भी प्रभावित करता है, जिसके कारण हमें दुनिया भर में बाढ़ और सूखे जैसी परिस्थितियों का सामाना करना पड़ता है। तापमान में वृद्धि और ग्लेशियरों के पिघलने के कारण बर्फबारी जैसी घटनाओं में भी कमी आई है। तापमान में वृद्धि से आद्रता में भी वृद्धि हुई है क्योंकि तापमान में वृद्धि से वाष्पीकरण की दर में वृद्धि हुई है।

स्थानीय सरकारों को चाहिए कि वे लोगों के बीच जागरूकता पैदा करें तथा ऐसे उपकरणों और वाहनों की बिक्री को प्रोत्साहित करें जो पर्यावरण के अनुकूल हों। पेपर, प्लास्टिक और अन्य सामग्रियों की रीसाइक्लिंग को प्रोत्साहित करना चाहिए। ऐसे प्रयासों को लोगों द्वारा जमीनी स्तर पर करना अत्यंत आवश्यक है, तभी हम प्रभावी तरीके से इस भयानक समस्या का मुकाबला कर सकते हैं। इससे मुकाबला करने के हम सभी को एक साथ आगे आना चाहिए और धरती पर जीवन को बचाने के लिए इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

प्रश्न 15.
सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते हुए धूम्रपान तथा उसके कारण संभावित रोगों की ओर संकेत करते हुए किसी दैनिक समाचार-पत्र के संपादक को 80-100 शब्दों में पत्र लिखिए।
(5 x 1 =5 )
अथवा
आपके छोटे भाई/बहन ने एक आवासीय विद्यालय में एक मास पूर्व ही प्रवेश लिया है। उसको मित्रों के चुनाव में सावधानी बरतने के लिए समझाते हुए एक पत्र 80-100 शब्दों में लिखिए।
उत्तर
परीक्षा भवन
च०छ०ज० शहर
दिनांक : 10 नवंबर, 20xx
संपादक महोदय
नवभारत टाइम्स
नई दिल्ली
विषय- सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते धूम्रपान तथा उसके कारण संभावित रोगों के संबंध में। मान्यवर मैं आपके लोकप्रिय समाचार-पत्र के माध्यम से संबंधित अधिकारियों का ध्यान सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते धूम्रपान की समस्या की ओर दिलाना चाहता हूँ। इन दिनों ऐसे स्थानों पर धूम्रपान न करने के कानून के बावजूद लोग बेधड़क होकर धूम्रपान करते हैं। इसका कारण कानून का कड़ाई से पालन न कराया जाना है। अगर कानून का कड़ाई से पालन कराया जाय, तो लोग डरेंगे तथा ऐसा नहीं करेंगे। साथ ही लोगों को भी खुद पर नियंत्रण करना चाहिए, क्योंकि इससे उन्हें साँस की बीमारियाँ हो सकती हैं। कृपया मेरे पत्र को अपने समाचार-पत्र में शामिल करें ताकि अधिकारीगण सचेत हो सकें तथा आम जनता भी जागरूक हो सके।
धन्यवाद।
प्रार्थी
क०ख०ग०

अथवा

परीक्षा भवन
च०छ०ज० शहर
दिनांक : 10 अप्रैल, 20xx
प्रिय मोहित
शुभ प्यार! तुम्हारा पत्र मिला। जानकार अच्छा लगा कि तुम्हें अपने आवासीय विद्यालय में कुछ खास समस्या नहीं आई तथा तुम्हारा पढ़ाई में मन लगने लगा है। मोहित तुम अभी छोटे हो तथा तुम पहली बार हमसे दूर हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने गए हो। इस स्थिति में तुम्हें कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए। तुम्हें नियमित कार्यों में, अपने स्वास्थ्य पर, पढ़ाई-लिखाई की नियमितता पर तथा मित्रों के चुनाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि तुम्हारे मित्र तुम्हारे लिए मददगार साबित हो सकें, न कि मुसीबत बन जाएँ। तुम्हें समझदार, पढ़ाई-लिखाई में तेज़ तथा अच्छी आदतों वाले छात्रों को अपना मित्र बनाना चाहिए, जिससे तुम उनसे कुछ सीख सको तथा उन्हें भी तुमसे कुछ जानने-समझने का मौका मिले। शेष सब कुशल है, उम्मीद है, तुम मेरी बातों पर गौर करोगे तथा आगे अच्छा करते जाओगे। सभी तुम्हें प्यार बोल रहे हैं। पत्र का जवाब देना।
तुम्हारी बहन
क०ख०ग०

प्रश्न 16.
नगर में आयोजित होने वाली भारत की सांस्कृतिक एकता प्रदर्शनी को देखने के लिए लोगों को आमंत्रित करते हुए 25-50 शब्दों में एक विज्ञापन तैयार कीजिए। (5 x 1 =5)
अथवा
प्रदूषण से बचने के लिए जनहित में जारी एक विज्ञापन पर्यावरण विभाग की ओर से 25-50 शब्दों में लिखिए।
उत्तर
CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions 3
CBSE Sample Papers for Class 10 Hindi Course A Set 3 with Solutions 4

प्रश्न 17.
अपने प्रिय मित्रों को होली हेतु शुभकामना संदेश लिखिए।
अथवा
अपने भाई को दसवीं के परीक्षा-फल में प्रदेश में पहला स्थान मिला है, उसके लिए बधाई संदेश लिखिए।
उत्तर

संदेश

12 मार्च, 20xx
प्रिय मित्रो
होली मिलन की हार्दिक शुभकामनाएँ। रंगों के इस त्योहार में यही कामना करता हूँ कि आप सब स्वस्थ व दीर्घायु रहें। आपका परिवार सदैव खुश रहे। होली के ये रंग आपके संसार में खुशियों के रंग बिखेर दें। हमेशा मीठी रहे आप सबकी बोली, इस होली में खुशियों से भर जाए आपकी झोली।
आपका मित्र
संजीव

बधाई संदेश

15 जून, 20xx
प्रिय अनुज हरीश
दसवीं के परीक्षाफल में प्रदेश में पहला स्थान पाने की हार्दिक शुभकामनाएँ। मैं सदा ईश्वर से यही कामना करता हूँ कि तुम इसी प्रकार से परिवार का नाम रोशन करो, तरक्की करो, जीवन में आकाश की बुलंदियों को छुओ। इसी प्रकार परिश्रम करते रहना और आगे बढ़ते रहना। मेरा आशीष और दुलार सदा तुम्हारे साथ है।
तुम्हारा बड़ा भाई
रूपेश